हरियाणा में कपास के क्षेत्रफल और उत्पादन में सिरसा अव्वल, 3.61 लाख एकड़ में बुवाई
सिरसा, हरियाणा:खरीफ सीजन 2025-26 की अस्थायी रिपोर्ट के अनुसार, सिरसा जिला कपास की खेती के क्षेत्रफल और कुल उत्पादन, दोनों मामलों में हरियाणा में पहले स्थान पर है। जिले में 3,61,336 एकड़ क्षेत्र में कपास की बुवाई दर्ज की गई है, जबकि अनुमानित उत्पादन 2,00,567.98 मीट्रिक टन है।
रिपोर्ट के मुताबिक, हरियाणा में कपास का कुल क्षेत्रफल 9,71,970 एकड़ और अनुमानित उत्पादन 4,96,418.70 मीट्रिक टन दर्ज किया गया है। क्षेत्रफल के मामले में सिरसा के बाद हिसार दूसरे और भिवानी तीसरे स्थान पर हैं।
हिसार में 2,09,827 एकड़ और भिवानी में 1,11,891 एकड़ क्षेत्र में कपास की खेती दर्ज की गई है। वहीं, फतेहाबाद 90,624 एकड़ के साथ चौथे और चरखी दादरी 39,520 एकड़ के साथ पांचवें स्थान पर है।
औसत उपज में नूंह सबसे आगे
प्रति एकड़ औसत कपास उपज के मामले में नूंह (मेवात) जिला 694.49 किलोग्राम के साथ प्रदेश में पहले स्थान पर है। हरियाणा की औसत उपज 510.73 किलोग्राम प्रति एकड़ दर्ज की गई है। इससे स्पष्ट है कि कुल उत्पादन और औसत उपज के मामले में प्रदेश के अलग-अलग जिले आगे हैं।
2020-21 में भी कपास की खेती में प्रमुख रहा सिरसा
वर्ष 2020-21 की संशोधित रिपोर्ट के अनुसार, सिरसा में कपास का क्षेत्रफल 209.10 हजार हेक्टेयर और औसत उपज 406 किलोग्राम प्रति हेक्टेयर दर्ज की गई थी। उस वर्ष हरियाणा का कुल कपास क्षेत्रफल 719.86 हजार हेक्टेयर था।
खरीफ सीजन 2025-26 के ये आंकड़े अस्थायी हैं। अंतिम रिपोर्ट जारी होने पर क्षेत्रफल, उत्पादन और उपज से संबंधित आंकड़ों में बदलाव संभव है।
और पढ़ें :- अकोला में कपास किसानों को 70% नुकसान का डर