अमरावती में CCI कपास खरीद बंद, किसानों के घरों में सैकड़ों क्विंटल कपास फंसा
अमरावती में CCI (कॉटन कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया) के तहत चल रही कपास खरीद अचानक बंद हो जाने से किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कीमतों में बढ़ोतरी की उम्मीद में कई किसानों ने अपनी कपास घरों में ही स्टोर कर रखी थी, लेकिन अब वही कपास सैकड़ों क्विंटल के हिसाब से घरों में पड़ी हुई है।
सरकार ने किसानों को उचित और गारंटीड दाम दिलाने के लिए CCI खरीद केंद्र शुरू किया था, जहां कपास बेचने के लिए पंजीकरण अनिवार्य था। 15 मार्च तक पंजीकरण कराने वाले किसानों से CCI ने खरीद तो की, लेकिन उसके बाद खरीद प्रक्रिया रोक दी गई।
इस स्थिति में अभी भी कई किसानों की कपास कटाई के बाद घरों में ही रखी हुई है, जिससे वे संकट में हैं। बाजार में कीमतें कम होने के कारण उन्हें नुकसान झेलना पड़ रहा है।
CCI के तहत कपास की कीमत 7,461 से 7,600 रुपये प्रति क्विंटल तक रही, जबकि खुले बाजार में भाव 6,800 से 7,000 रुपये प्रति क्विंटल तक ही है। इस अंतर के कारण किसानों को प्रति क्विंटल लगभग 500 से 600 रुपये का नुकसान हो रहा है।
किसानों ने मांग की है कि सरकार जल्द से जल्द कपास की खरीद फिर से शुरू करे ताकि उन्हें नुकसान से बचाया जा सके।