कृषि विभाग ने कपास की फसलों का किया सर्वे, किसानों को बांटा ट्राइकोडर्मा
सूरजगढ़। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय के तहत संचालित लोकस्ट एंड इंटीग्रेटेड पेस्ट मैनेजमेंट सेंटर, जयपुर की पहल पर मंगलवार को कृषि विभाग की टीम ने क्षेत्र के विभिन्न गांवों में कपास की फसलों का सर्वे किया। इस दौरान किसानों को जैविक फफूंदनाशी ट्राइकोडर्मा का वितरण भी किया गया।
सर्वे के दौरान अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल कपास की फसलों में कीटों का प्रकोप इकोनॉमिक थ्रेशोल्ड लेवल (ETL) से कम है। इसके बावजूद किसानों को नियमित रूप से फसल की निगरानी करने और कीटों का प्रकोप बढ़ने पर केवल CIB&RC द्वारा अनुशंसित कीटनाशकों का ही उपयोग करने की सलाह दी गई।
टीम ने किसानों को रस चूसने वाले कीटों की रोकथाम के लिए नीले और पीले स्टिकी कार्ड तथा पिंक बॉलवर्म के नियंत्रण हेतु फेरोमोन ट्रैप के उपयोग की जानकारी भी दी। साथ ही, जैविक खेती को बढ़ावा देने के उद्देश्य से किसानों को ट्राइकोडर्मा उपलब्ध कराया गया।