मनावर मंडी में 11 सितंबर से कपास बोली
मनावर। किसानों की मांग को देखते हुए मनावर कृषि उपज मंडी में 11 सितंबर से कपास की नीलामी शुरू की जाएगी। नगर के सेमल्दा मार्ग स्थित मिर्ची मंडी परिसर में कपास की बोली लगाई जाएगी। मंडी सचिव भगत सिंह डावर ने बताया कि नीलामी प्रक्रिया के दौरान व्यापारियों द्वारा किसानों की कपास उपज की बोली लगाई जाएगी। इससे किसानों को अपनी उपज का उचित बाजार मूल्य प्राप्त करने में सुविधा होगी।
मंडी प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे कपास लेकर मंडी पहुंचने से पहले नीलामी के समय और आवश्यक जानकारी प्राप्त कर लें। किसानों से उपज की गुणवत्ता बनाए रखने तथा मंडी में बिक्री के लिए जरूरी दस्तावेज साथ लाने को कहा गया है। क्षेत्र में कपास की आवक शुरू होने के बाद अब स्थानीय स्तर पर नीलामी शुरू होने से किसानों को उपज बेचने में सुविधा मिलने की उम्मीद है।
150 से अधिक गांवों में कपास की बोवनी
मनावर विकासखंड के 150 से अधिक गांवों में इस वर्ष किसानों ने करीब 20 हजार हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र में कपास की बोवनी की है। फसल की आवक शुरू होने के साथ किसानों को अपनी उपज के लिए बेहतर बाजार की जरूरत है। स्थानीय मंडी में नीलामी शुरू होने से क्षेत्र के कपास उत्पादकों को इसका लाभ मिलने की उम्मीद है।
‘कपास किसान’ ऐप से पंजीयन
भारतीय कपास निगम लिमिटेड (CCI) ने मध्य प्रदेश के कपास उत्पादक किसानों के लिए ‘कपास किसान’ मोबाइल ऐप शुरू किया है। इसके माध्यम से किसान कपास बेचने के लिए घर बैठे पंजीयन कर सकेंगे। साथ ही संबंधित कृषि उपज मंडी केंद्र पर कपास बिक्री के लिए स्लॉट बुक करने की सुविधा भी उपलब्ध होगी।
कपास सीजन 2026-27 के लिए पंजीयन 1 सितंबर से 31 अक्टूबर तक किया जा सकेगा। मंडी सचिव भगत सिंह डावर के अनुसार, पंजीयन में सहायता के लिए किसान व्हाट्सऐप हेल्पलाइन 8269023626 पर संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने क्षेत्र के सभी कपास किसानों से समय पर पंजीयन कराने की अपील की है।
और पढ़ें :- गुजरात-तेलंगाना में बारिश की कमी से किसान संकट में