खरीफ खाद्यान्न उत्पादन 1,671.43 लाख टन रहने का अनुमान

2026-11-27 12:30:58
First slide


अल नीनो और सूखे के बावजूद खरीफ 2026-27 में 1,671.43 लाख टन खाद्यान्न उत्पादन का अनुमान: शिवराज सिंह चौहान


नई दिल्ली: अल नीनो, मानसून में देरी और सूखे जैसी मौसमी चुनौतियों के बावजूद खरीफ 2026-27 में देश का खाद्यान्न उत्पादन 1,671.43 लाख टन रहने का अनुमान है। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गुरुवार, 26 नवंबर को वर्ष 2025-26 की प्रमुख फसलों के अंतिम उत्पादन अनुमान और 2026-27 के खरीफ सीजन के पहले अग्रिम अनुमान जारी किए।

नई दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने बताया कि अनुमानित खरीफ खाद्यान्न उत्पादन पिछले पांच वर्षों के औसत से 97.67 लाख टन अधिक है। जून में मानसून की देरी के दौरान बारिश में 35 से 40 प्रतिशत तक कमी रही। महाराष्ट्र, कर्नाटक, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में मिट्टी में नमी की कमी और सूखे की स्थिति से धान, मक्का, तुअर, सोयाबीन और कपास की बुवाई प्रभावित हुई।

2025-26 में खाद्यान्न उत्पादन का रिकॉर्ड

कृषि मंत्रालय के अंतिम अनुमानों के अनुसार, वर्ष 2025-26 में देश का कुल खाद्यान्न उत्पादन 3,785.38 लाख टन रहा, जो 2024-25 के 3,577.32 लाख टन से 208.06 लाख टन अधिक है।

इस दौरान चावल उत्पादन 1,551.54 लाख टन और गेहूं उत्पादन 1,220.64 लाख टन दर्ज किया गया। मक्का उत्पादन बढ़कर 550.25 लाख टन रहा। दलहन उत्पादन 272.40 लाख टन रहा, जिसमें चना 125.13 लाख टन, मूंग 43.96 लाख टन और तुअर 35.99 लाख टन शामिल हैं।

कुल तिलहन उत्पादन 432.55 लाख टन दर्ज किया गया। इसमें मूंगफली 131.71 लाख टन, रेपसीड एवं सरसों 137.66 लाख टन और सोयाबीन 126.36 लाख टन रहा।

खरीफ में कपास उत्पादन 248.66 लाख गांठ अनुमानित

वर्ष 2026-27 के खरीफ सीजन में कपास उत्पादन 248.66 लाख गांठ रहने का अनुमान है। प्रत्येक गांठ का वजन 170 किलोग्राम है। सोयाबीन उत्पादन 102.44 लाख टन और मूंगफली उत्पादन 111.68 लाख टन रहने की संभावना है।

खरीफ दलहन उत्पादन 71.32 लाख टन रहने का अनुमान है। इसमें तुअर 31.22 लाख टन, मूंग 16.59 लाख टन और उड़द 14.49 लाख टन शामिल हैं। खरीफ चावल उत्पादन 1,219.05 लाख टन और मक्का उत्पादन 260.64 लाख टन रहने का अनुमान है।

दलहन और तिलहन उत्पादन बढ़ाने पर जोर

शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि चावल और गेहूं के पर्याप्त भंडार के बाद सरकार का ध्यान फसल विविधीकरण तथा दलहन और तिलहन में आत्मनिर्भरता बढ़ाने पर है। इसके लिए दलहन मिशन और तिलहन मिशन के माध्यम से उत्पादन बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

कृषि मंत्री ने स्पष्ट किया कि खरीफ के ये शुरुआती अनुमान हैं, जिन्हें फसल कटाई प्रयोगों से वास्तविक उपज के आंकड़े मिलने के बाद संशोधित किया जाएगा।

और पढ़ें:-  
2026 के अंत तक भारत-अमेरिका व्यापार समझौते की उम्मीद


Regards
Team Sis
Any query plz call 9111677775

https://wa.me/919111677775

YOUTUBE VIDEOS

Application Download
Whatsapp Contact