दीपावली अवकाश के बाद मंडियों में लौटी रौनक, खरगोन में 500 से अधिक वाहनों की आवक का अनुमान
मध्य प्रदेश की कृषि उपज मंडियों में दीपावली अवकाश के बाद कारोबार फिर शुरू हो गया है। खरगोन में पांच दिन से बंद कपास मंडी गुरुवार को दोबारा खुलेगी। मंडी खुलने से एक दिन पहले बुधवार शाम तक 200 से अधिक वाहन परिसर में पहुंच चुके थे। मंडी प्रबंधन के अनुसार, पहले दिन 500 से अधिक वाहनों के पहुंचने का अनुमान है।
मंडी प्रबंधन के मुताबिक, बुधवार सुबह से ही कपास से भरे वाहन और बैलगाड़ियां पहुंचने लगे थे। त्योहार के बाद बड़ी संख्या में किसान अपनी उपज बेचने के लिए मंडी पहुंच रहे हैं। कई किसानों ने पहले ही मंडी पहुंचकर नीलामी और अवकाश की जानकारी ली, ताकि उन्हें उपज लाने में परेशानी न हो।
किसानों का कहना है कि एक दिन पहले वाहन खड़ा करने से नीलामी में जल्दी नंबर आता है और इंतजार कम करना पड़ता है। इससे बेहतर भाव मिलने की उम्मीद भी रहती है। इस सीजन में खरगोन मंडी में 7 सितंबर से कपास की आवक शुरू हुई थी। मंडी में 12 अक्टूबर को सबसे अधिक आवक दर्ज की गई थी। उस दिन 1,310 वाहनों और 117 बैलगाड़ियों से करीब 28,000 क्विंटल कपास पहुंचा था। इस सीजन में कपास का भाव 9,600 रुपये प्रति क्विंटल तक रहा है।
सेंधवा मंडी में मक्का की सबसे अधिक आवक
उधर, दीपावली अवकाश के बाद सेंधवा कृषि उपज मंडी में बुधवार को कारोबार शुरू हो गया। मंडी में मक्का की सबसे अधिक आवक रही। 81 वाहनों से 1,681 क्विंटल मक्का पहुंचा।
इसके अलावा, कपास की 15 वाहनों से 271 क्विंटल आवक हुई और अधिकतम भाव 8,950 रुपये प्रति क्विंटल रहा। सोयाबीन की 15 वाहनों से आवक हुई, जिसका मॉडल भाव 6,900 रुपये प्रति क्विंटल दर्ज किया गया। वहीं, गेहूं की 5 वाहनों से आवक हुई और अधिकतम भाव 3,050 रुपये प्रति क्विंटल रहा।
मंडी प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे अपनी उपज साफ-सुथरी करके मंडी लाएं और नीलामी के माध्यम से ही बिक्री करें, ताकि उन्हें उचित मूल्य, सही तौल और नकद भुगतान का लाभ मिल सके।
और पढ़ें:- आदिलाबाद में कपास के भाव गिरे, किसान केंद्र की आयात नीति पर उठा रहे सवाल