अमेरिकी सामानों पर 25% जवाबी टैरिफ की मांग

2026-11-26 12:55:48
First slide


अमेरिका के प्रस्तावित टैरिफ पर भारतीय व्यापारियों की जवाबी शुल्क लगाने की मांग, अमेरिकी सामानों पर 25% शुल्क लगाने का आग्रह

नई दिल्ली: अमेरिका की ओर से भारतीय उत्पादों पर 25% तक आयात शुल्क लगाने के प्रस्ताव को लेकर भारतीय व्यापारियों ने चिंता जताई है। चैंबर ऑफ ट्रेडिंग इंडस्ट्री (CTI) ने केंद्र सरकार से अपील की है कि यदि अमेरिका भारतीय सामानों पर शुल्क बढ़ाता है, तो भारत को भी अमेरिकी उत्पादों पर 25% जवाबी शुल्क लगाने पर विचार करना चाहिए। संगठन के अनुसार, इससे भारत के करीब 48 अरब डॉलर के निर्यात पर असर पड़ सकता है और लगभग 5 लाख नौकरियां प्रभावित हो सकती हैं।

CTI के चेयरमैन बृजेश गोयल ने गुरुवार को एक वीडियो बयान में बताया कि संगठन इस मुद्दे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिख रहा है। इसमें अमेरिका के प्रस्तावित टैरिफ के जवाब में समान कार्रवाई करने की मांग की जाएगी।

गोयल ने कहा कि अमेरिकी शुल्क बढ़ने से फार्मास्यूटिकल्स, इलेक्ट्रॉनिक्स, सीफूड, रत्न एवं आभूषण, चमड़ा, धातु और ऑटो कंपोनेंट्स जैसे प्रमुख निर्यात क्षेत्रों पर असर पड़ सकता है। शुल्क बढ़ने से अमेरिकी खरीदारों के लिए भारतीय उत्पाद महंगे हो जाएंगे। ऐसी स्थिति में वे भारत के बजाय दूसरे प्रतिस्पर्धी देशों से सामान खरीद सकते हैं।

उन्होंने अनुमान जताया कि प्रस्तावित शुल्क से करीब 48 अरब डॉलर के भारतीय निर्यात पर असर पड़ सकता है और लगभग 5 लाख लोगों के रोजगार पर प्रभाव पड़ सकता है।

CTI ने उन निर्यातकों की स्थिति पर भी चिंता जताई है, जिनका सामान पहले ही अमेरिका भेजा जा चुका है या जिन्हें अमेरिकी खरीदारों से ऑर्डर मिल चुके हैं। संगठन ने सवाल उठाया कि यदि नए शुल्क लागू होते हैं, तो पहले से भेजी गई खेपों और लंबित ऑर्डरों का क्या होगा।

यह मांग अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि कार्यालय (USTR) की ओर से भारतीय उत्पादों पर 25% तक शुल्क लगाने का प्रस्ताव सामने आने के बाद की गई है। हालांकि, कुछ उत्पादों को प्रस्तावित शुल्क से छूट दी गई है। भारत और अमेरिका के बीच आपसी व्यापार समझौता होने तथा विनिर्माण क्षमता और उत्पादन से जुड़े मुद्दों का समाधान निकलने पर शुल्क दर घटाकर 17% किए जाने की संभावना भी जताई गई है।

गोयल ने बताया कि अमेरिका भारत को खाद्य पदार्थ, खनिज और दालों सहित कई उत्पादों का निर्यात करता है। भारत द्वारा अमेरिकी सामानों पर 25% जवाबी शुल्क लगाने से वहां के उत्पाद भारतीय बाजार में महंगे हो जाएंगे। इससे अमेरिकी व्यापारियों पर भी अपनी सरकार से शुल्क वापस लेने का दबाव बन सकता है।

उन्होंने अमेरिकी प्रशासन से प्रस्तावित टैरिफ पर पुनर्विचार करने की अपील की। USTR ने इस प्रस्ताव पर आम जनता और संबंधित पक्षों से सुझाव मांगे हैं। इसके लिए 5 जनवरी 2027 तक टिप्पणियां भेजी जा सकती हैं, जबकि सार्वजनिक सुनवाई 25 जनवरी 2027 से शुरू होगी।


और पढ़ें:-  अमेरिका ने भारत पर नए टैरिफ का प्रस्ताव दिया



Regards
Team Sis
Any query plz call 9111677775

https://wa.me/919111677775

YOUTUBE VIDEOS

Application Download
Whatsapp Contact