गुजरात और राजस्थान में भारी बारिश से कपास की फसल पर खतरा, खेतों में जलभराव
By jayesh chouhan 2026-07-25 12:08:16
भारी बारिश से थानगढ़ (गुजरात) और सरूपसर (राजस्थान) में कपास की फसल पर संकट, खेतों में जलभराव
लगातार हो रही भारी बारिश ने गुजरात के सुरेंद्रनगर जिले के थानगढ़ और राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले के सरूपसर (सूरतगढ़) क्षेत्र में किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। खेतों में जलभराव होने से कपास और नरमा की फसलें पानी में डूब गई हैं, जिससे उनके सड़ने और खराब होने का खतरा बढ़ गया है।
थानगढ़ तालुका के गुंगलियाना गांव में लगातार बारिश के कारण खेतों में पानी भर गया है। जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने से कपास की फसल को भारी नुकसान होने की आशंका है। वहीं, थानगढ़ शहर के दलवाड़ी नगर इलाके में भी जलभराव के कारण रिहायशी क्षेत्रों और मुख्य सड़कों पर घुटनों तक पानी भर गया, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
उधर, सरूपसर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में किसान फसल बचाने के लिए ट्रैक्टर संचालित बड़े पंपों की मदद से खेतों से पानी निकाल रहे हैं। कृषि विशेषज्ञों का कहना है कि यदि जल्द जल निकासी नहीं हुई तो फसलें पूरी तरह नष्ट हो सकती हैं।
किसानों ने प्रशासन से प्रभावित क्षेत्रों का गिरदावरी सर्वे कराने, उचित मुआवजा देने और भविष्य में जल निकासी की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।