बायर ने कपास किसानों के लिए 'Trance' कीटनाशक लॉन्च किया, रस चूसने वाले कीटों से मिलेगी सुरक्षा
By jayesh chouhan 2026-07-23 13:23:04
बेयर ने कपास किसानों के लिए लॉन्च किया नया कीटनाशक 'Trance', रस चूसने वाले कीटों से मिलेगा प्रभावी बचाव
बेयर ने कपास किसानों के लिए नया कीटनाशक 'Trance' लॉन्च करने की घोषणा की है। कंपनी का दावा है कि यह उत्पाद एफिड्स, जैसिड्स और व्हाइटफ्लाई निम्फ जैसे रस चूसने वाले प्रमुख कीटों के प्रभावी नियंत्रण के लिए विकसित किया गया है। दो अलग-अलग और पूरक मोड ऑफ़ एक्शन पर आधारित यह कीटनाशक फसल को व्यापक सुरक्षा प्रदान करने के साथ उसकी सेहत, पैदावार और किसानों की आय बढ़ाने में भी मदद करेगा।
कंपनी के अनुसार, भारत में कपास की खेती पर रस चूसने वाले कई कीटों का एक साथ हमला, कीटनाशकों के प्रति बढ़ती प्रतिरोधक क्षमता (रेजिस्टेंस) और प्रभावी व किफायती विकल्पों की कमी किसानों के लिए बड़ी चुनौती बन गई है। इसके कारण फसल की वृद्धि प्रभावित होती है, उत्पादन घटता है और खेती की लागत बढ़ जाती है। इन्हीं चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए 'Trance' विकसित किया गया है।
बेयर का कहना है कि यह उत्पाद दोहरी कार्यप्रणाली पर आधारित है। सिस्टमिक मूवमेंट के माध्यम से दवा पौधे के भीतर फैलती है, जबकि ट्रांसलामिनार एक्शन के जरिए पत्तियों के आर-पार प्रभाव डालती है। इससे न केवल मौजूदा पत्तियों, बल्कि पौधे की नई बढ़त को भी सुरक्षा मिलती है। कंपनी के मुताबिक, इसका फॉर्मूलेशन बारिश के बाद भी प्रभावी बना रहता है और छिड़काव के लगभग दो घंटे के भीतर असर दिखाना शुरू कर देता है। साथ ही, इसे इंटीग्रेटेड पेस्ट मैनेजमेंट (IPM) कार्यक्रमों के साथ भी आसानी से अपनाया जा सकता है।
'Trance' जुलाई 2026 से महाराष्ट्र, गुजरात, मध्य प्रदेश, तमिलनाडु, केरल, राजस्थान, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, पंजाब, हरियाणा और पश्चिम बंगाल सहित प्रमुख कपास उत्पादक राज्यों में उपलब्ध होगा। इसे 100 मि.ली., 220 मि.ली. और 500 मि.ली. के पैक में बाजार में उतारा जाएगा।
बेयर क्रॉप साइंस (भारत) के मुख्य परिचालन अधिकारी (Chief Operating Officer) मोहन बाबू ने कहा कि किसानों के सामने रस चूसने वाले कीटों और बढ़ती प्रतिरोधक क्षमता की चुनौती लगातार बढ़ रही है। ऐसे में 'Trance' एक ही समाधान में दो अलग-अलग मोड ऑफ़ एक्शन उपलब्ध कराता है, जिससे कीटों का प्रभावी और लंबे समय तक नियंत्रण संभव हो पाता है। उन्होंने कहा कि यह उत्पाद किसानों को फसल की गुणवत्ता सुधारने, उत्पादन बढ़ाने और लाभप्रदता में वृद्धि करने में मदद करेगा।
कंपनी का कहना है कि 'Trance' के लॉन्च के साथ वह अपने फसल सुरक्षा पोर्टफोलियो को और मजबूत कर रही है। विज्ञान आधारित यह नवाचार किसानों को अधिक उत्पादन, संसाधनों के बेहतर उपयोग और टिकाऊ कृषि को बढ़ावा देने में सहायक होगा।